झुंझुनूं, 31 दिसंबर: जिला कलेक्टर डॉ. अरुण गर्ग की अध्यक्षता में बुधवार को कलेक्ट्रेट सभागार में संपर्क पोर्टल एवं साप्ताहिक समीक्षा बैठक का आयोजन किया गया। बैठक में आमजन से प्राप्त परिवादों के त्वरित एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के निर्देश दिए गए।
कलेक्टर डॉ. गर्ग ने संपर्क पोर्टल पर लंबित प्रकरणों की विभागवार समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों को समय-सीमा में समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जनसमस्याओं का समाधान प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है और इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार्य नहीं होगी।

बैठक में कृषि विभाग द्वारा खाद एवं बीज की उपलब्धता की स्थिति की भी समीक्षा की गई। कलेक्टर ने आगामी कृषि सीजन को देखते हुए पर्याप्त भंडारण, समय पर आपूर्ति एवं कालाबाजारी पर सख्त निगरानी रखने के निर्देश दिए।
इसके साथ ही विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की प्रगति की समीक्षा करते हुए डॉ. गर्ग ने लक्ष्य के अनुरूप कार्य पूर्ण करने, पात्र लाभार्थियों तक योजनाओं का लाभ पहुंचाने तथा फील्ड स्तर पर प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करने पर जोर दिया।
बैठक में एडीएम अजय कुमार आर्य सहित जिला स्तरीय अधिकारी एवं संबंधित विभागों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।





